मंडलीय सम्मेलन कर राजनीतिक दलों को ताकत का अहसास कराने की तैयारी
चौड़गरा, फतेहपुर, मो शमशाद । अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज को अब राजनीति में अपनी हिस्सेदारी व अधिकारों के लिए मजबूती से आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि आबादी के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से समाज में नाराजगी है। जो राजनीतिक दल वैश्य समाज को उचित प्रतिनिधित्व देंगे, समाज उन्हीं के साथ खड़ा होगा। चौड़गरा कस्बे के गुप्ता होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में विनोद गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनका दावा है कि देश व प्रदेश के राजस्व व कर संग्रह में समाज का बड़ा योगदान है, इसके बावजूद
![]() |
| वार्ता करते परिषद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद गुप्ता। |
चुनाव के समय राजनीतिक दल समाज का आर्थिक सहयोग लेते हैं, लेकिन प्रतिनिधित्व और अधिकार देने के मामले में पीछे हट जाते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी और वैश्य समाज लगातार उत्पीड़न, असुरक्षा व राजनीतिक उपेक्षा का सामना कर रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए परिषद ने भी समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर रणनीति तैयार कर ली है। प्रदेश की वैश्य बाहुल्य विधानसभा सीटों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मंडलीय सम्मेलनों का आयोजन कर समाज की एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। विनोद गुप्ता ने बताया कि परिषद जल्द ही प्रदेशव्यापी दौरा कर वैश्य समाज को एकजुट करेगी। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक दलों ने समाज को उसकी हिस्सेदारी नहीं दी तो परिषद लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और प्रदर्शन के माध्यम से अपनी मांग बुलंद करेगी। उन्होंने वैश्य समाज के लोगों से राजनीति में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। पत्रकार वार्ता में चंद्रशेखर गुप्ता, सीताराम गुप्त, रामकुमार गुप्ता, मिथिलेश गुप्त आदि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment