Pages

▼

Wednesday, September 16, 2026

शासन की योजनाओं पर पानी फेर रहा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग!

खुले मैदान में पानी के बीच जंक खा रहीं लाखों की ट्राई साइकिलें,

दिव्यांग लाभार्थी वितरण का इंतजार करते रहे

बांदा, के एस दुबे । दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की उपकरण वितरण योजना पर विभागीय लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि जनता के टैक्स से मिले बजट से खरीदी गई दर्जनों ट्राई साइकिलें खुले मैदान में बारिश और जलभराव के बीच पड़ी हैं, जिससे उनके खराब होने की स्थिति बनी हुई है। महोखर स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टि बाधित इंटर कॉलेज परिसर में पिछले वर्षों की करीब 25 से 30 ट्राई साइकिलें लंबे समय से पड़ी होने की बात सामने आई है। आरोप है कि इनमें कई साइकिलें जंग लगने के कारण खराब हो चुकी हैं। वहीं दूसरी ओर कई दिव्यांग लाभार्थी उपकरण पाने के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं और उन्हें विभिन्न नियमों का हवाला


देकर टरकाए जाने की शिकायत की जा रही है। बताया गया है कि 2 सितंबर को ALIMCO कानपुर से नई ट्राई साइकिलों की खेप भी पहुंची, जिन्हें खुले मैदान में वितरण के लिए रखा गया है। लगातार हो रही बारिश और परिसर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण इन नई साइकिलों के भी पानी में खराब होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान परिसर में घुटनों तक पानी भर जाने से ट्राई साइकिलें जलभराव के बीच पड़ी रहती हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब उपकरण दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराने के लिए खरीदे गए हैं तो उन्हें सुरक्षित रखने और समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही। शिकायतकर्ताओं ने मामले की जांच कर पिछले वर्षों में खरीदी गई और वर्तमान में उपलब्ध ट्राई साइकिलों का भौतिक सत्यापन, उनके वितरण का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने तथा पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को शीघ्र उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले में विभागीय अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


No comments:

Post a Comment