चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मत्स्य पालकों और मछुआरों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित कल्याण कोष योजना के तहत शनिवार को तीन पात्र लाभार्थियों को मोपेड विथ आइस बॉक्स वितरित किए गए। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने लाभार्थियों को मोपेड सौंपते हुए योजना का लाभ दिया। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 24 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान बताया गया कि मोपेड में उपलब्ध आइस बॉक्स की सुविधा से मत्स्य पालक मछलियों समेत अन्य मत्स्य उत्पादों को सुरक्षित और स्वच्छ तरीके से बाजार तक पहुंचा सकेंगे। इससे परिवहन के
दौरान उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ खराब होने की संभावना भी कम होगी। स्थानीय बाजार तक बेहतर पहुंच मिलने से मत्स्य उत्पादों के विपणन में सुविधा होगी और लाभार्थियों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी। मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य मत्स्य पालकों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके व्यवसाय को सुगम बनाना है। इससे उनकी आय बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने में भी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और संबंधित लाभार्थी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment