मायके व ससुराल पक्ष में मारपीट, गार्ड को पीटा और तोड़फोड़
बांदा, के एस दुबे । जिला महिला अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब गर्भ में बच्चे की मौत के बाद महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग आपस में ही भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। बीच-बचाव करने पहुँचे अस्पताल के सुरक्षा गार्ड के साथ भी हाथापाई की गई और परिसर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार, एक गर्भवती महिला को प्रसव हेतु जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों द्वारा जाँच किए जाने पर पता चला कि महिला के गर्भ में बच्चे की मृत्यु हो चुकी है। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे
तत्काल बेहतर इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रेफर किए जाने की बात सुनते ही अस्पताल परिसर में मौजूद महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आपस में उलझ गए। कहासुनी इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में लात-घूँसे चलने लगे।
हंगामा होता देख अस्पताल के सुरक्षा गार्ड ने स्थिति को संभालने और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उग्र लोगों ने गार्ड के साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे वहाँ इलाज करा रहे अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए। घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनीता सिंह ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने अस्पताल परिसर में मारपीट करने, सुरक्षाकर्मी से अभद्रता और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा डालने और हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment