Pages

Monday, September 21, 2026

गणपति विसर्जन में उमड़ा सैलाब, जयकारों से गूंजा कस्बा

धाता, फतेहपुर, मो शमशाद । कस्बे में गणपति महोत्सव के समापन पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम और भक्तिभाव के साथ किया गया। विसर्जन यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूरा कस्बा गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत कर पुष्पवर्षा की। विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा जमकर झूमे। अबीर-गुलाल उड़ने से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भी उत्साह के साथ शोभायात्रा में भाग लिया।

गणपति विसर्जन यात्रा में अबीर-गुलाल उड़ाते श्रद्धालु।

नगर पंचायत धाता में स्थापित तीनों गणपति प्रतिमाओं की अलग-अलग विसर्जन यात्राएं जब एक साथ एकत्रित हुईं तो भव्य नजारा देखने को मिला। विशाल शोभा यात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा रही। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। शोभा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की गई। विसर्जन यात्रा को लेकर प्रशासन व पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


No comments:

Post a Comment