Pages

▼

Monday, October 12, 2026

आधुनिक तिलहनी फसलों की खेती की तकनीक सीखने राजस्थान रवाना हुए 25 किसान

सीडीओ व जिला कृषि अधिकारी ने बस को हरी झंडी दिखाकर सेवर भवतपुर किया रवाना

चित्रकूट ब्यूरो, सुखेन्द्र अग्रहरि : सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजनांतर्गत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की पहल की गई है। सोमवार को विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल एवं जिला कृषि अधिकारी आर के वर्मा ने बस को हरी झंडी दिखाकर 25 किसानों को राज्य के बाहर सरसों अनुसंधान केंद्र सेवर भवतपुर राजस्थान के लिए रवाना किया। जहां 12 अक्तूबर से 18 अक्टूबर तक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से तिलहनी फसलों की खेती एवं उपयोगिता के बारे में तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को आधुनिक तिलहनी फसलों की खेती,उन्नत किस्मों के चयन,कीट एवं रोग नियंत्रण तथा बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की आधुनिक विधियों से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी खेती में इसका प्रयोग करने एवं अपने जिले के किसानों को भी जागरूक करने की अपील की है।



जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को अत्याधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने का उद्देश्य उन्हें पारंपरिक खेती के साथ-साथ व्यावसायिक एवं लाभकारी तिलहनी फसलों के उत्पादन के लिए प्रेरित करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से किसान कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता हासिल करने की तकनीक सीख सकेंगे। प्रत्येक ब्लॉक से पांच - पांच किसानों को भेजा गया है। कृषकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं भ्रमण से उन्हें खेती की नई तकनीकों को समझने और अपने खेतों में अपनाने का अवसर मिलेगा। कृषि विभाग का यह प्रयास किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मौके पर कार्यालय सहायक अरुण कुमार,राघवेंद्र सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment