डीएम व उप निदेशक कृषि ने बस को हरी झंडी दिखाई
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने पहल शुरू की है। मंगलवार को कलेक्टरेट परिसर से जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और उप निदेशक कृषि जीत लाल गुप्ता ने 40 किसानों से भरी बस को हरी झंडी दिखाकर कन्नौज के लिए रवाना किया। किसान छह से 10 अक्टूबर तक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल, उमर्दा में भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को उन्नत सब्जी किस्मों के चयन, गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने, संरक्षित खेती, सिंचाई एवं पोषण प्रबंधन, कीट-रोग नियंत्रण तथा उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने किसानों से प्रशिक्षण में मिली तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने के साथ अन्य किसानों को भी
जागरूक करने की अपील की। उप निदेशक कृषि ने बताया कि किसानों को अत्याधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने का उद्देश्य उन्हें पारंपरिक खेती के साथ व्यावसायिक और लाभकारी सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित करना है। प्रशिक्षण से किसान कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता हासिल करने के तरीके सीखेंगे। प्रत्येक विकासखंड से आठ किसानों का चयन किया गया है। किसानों ने कहा कि भ्रमण और प्रशिक्षण से उन्हें नई तकनीकों को समझकर खेतों में अपनाने का अवसर मिलेगा। कृषि विभाग की यह पहल किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

No comments:
Post a Comment