Pages

▼

Sunday, October 4, 2026

अमर शहीद शुभम सिंह की स्मृति में गूंजे गगनभेदी नारे

प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि

फतेहपुर, मो शमशाद । मलवां विकास खंड के ग्राम मौहार में अमर शहीद शुभम सिंह की पावन स्मृति में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण एवं प्रकृति को नमन करते हुए अतिथियों व जनसमुदाय के स्वागत से हुई। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने देश की खातिर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सभा के दौरान देशप्रेम से ओत-प्रोत पंक्तियों का स्मरण करते हुए कहा गया कि शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों के दिलों में अमर रहेगा। वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण की

श्रद्धांजलि सभा में भाग लेते अतिथि व ग्रामीण।

अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि एक निश्चित भूभाग, जनसंख्या, प्रभुसत्ता और संविधान से ही राष्ट्र का स्वरूप निर्मित होता है। स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य जाने-अनजाने सेनानियों तथा सीमाओं की सुरक्षा करते हुए तीनों सेनाओं के बलिदानी वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन के वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व पुलिस उपाधीक्षक शिव स्वरूप ने अमर शहीदों के सम्मान में युवाओं को प्रशिक्षित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि युवाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार, अनुशासन, नैतिकता व सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ देश रक्षा के लिए तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। सभा का समापन जय भारत, जय संविधान, जय विज्ञान और अमर शहीद अमर रहें के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। इस मौके पर पूर्व विधायक विक्रम सिंह, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह गौतम, सपा के पूर्व प्रत्याशी महेंद्र बहादुर सिंह बच्चा सिंह, सपा नेता रामबाबू यादव सहित पारिवारिक सदस्यों में बाबा कैप्टन पिताम्बर सिंह, पिता देवी प्रसाद सिंह, मां मनफूल देवी, भाई पैरा कमांडो सत्यम सिंह सहित तमाम लोग रहे।


No comments:

Post a Comment