पहले पांच आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल, अब तक सात आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई
महेन्द्र पाल उर्फ राजू और ओमकार उर्फ शेरा की हुई गिरफ्तारी
बांदा, के एस दुबे । नरैनी थाना क्षेत्र के ग्राम नंदवारा में चार और छह वर्षीय दो मासूम सगे भाइयों की हत्या कर शवों को गड्ढे में छिपाने के मामले में पुलिस ने दो और नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को नरैनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की गई।
30 सितंबर को गड्ढे से बरामद हुए थे दोनों बच्चों के शव
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को ग्राम नंदवारा में दो सगे भाइयों के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तलाश अभियान चलाया तो दोनों बच्चों के शव घर के पास स्थित पानी के गड्ढे से बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में मृतक बच्चों के पिता भइयाराम की तहरीर पर एक अक्टूबर को थाना नरैनी में नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन अक्टूबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया था।
गैर-जमानती वारंट के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में दो अन्य नामजद अभियुक्तों के खिलाफ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई चल रही थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद न्यायालय से दोनों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए गए। इसके बाद 25 अक्टूबर को पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान महेन्द्र पाल उर्फ राजू पुत्र सुरेन्द्र पाल और ओमकार उर्फ शेरा पुत्र अच्छेलाल, निवासी ग्राम नंदवारा, थाना नरैनी, जनपद बांदा के रूप में हुई है।
इन पांच आरोपियों की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले भवानीदीन पुत्र स्वामीदीन, अखिलेश पुत्र भवानीदीन, श्यामलली पत्नी भवानीदीन, लम्बरी उर्फ रामप्रसाद पुत्र गयाप्रसाद और सुरेन्द्र पुत्र भइयालाल को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार नामजद आरोपियों की संख्या सात हो गई है। यह मुकदमा थाना नरैनी में अपराध संख्या 271/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(1), 103(1), 61(2), 3(5) और 238(क) में दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में नरैनी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शुभम कौशिक, कांस्टेबल शुभम सिंह, सुनील कुमार, अजय यादव, विकास कुमार, आलोक सोनकर और महिला कांस्टेबल पूजा चौहान शामिल रहीं।

No comments:
Post a Comment