पीस कमेटी में डीएम-एसपी का सख्त संदेश, माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
बाजारों में ट्रैफिक-पार्किंग की रहेगी विशेष व्यवस्था
फतेहपुर, मो शमशाद । आगामी शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा, विजयादशमी, दशहरा, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा व भैया दूज को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली, यातायात, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में हुई पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों को त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
![]() |
| पीस कमेटी की बैठक में भाग लेतीं डीएम व साथ में एसपी। |
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जिलेवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व हर्ष, उल्लास, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशी के बीच किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मूर्ति विसर्जन, मेला, रामलीला व शोभा यात्रा वाले मार्गों का पहले से निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को दिए गए। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम व सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने तथा मानक के अनुरूप विसर्जन के लिए गड्ढों की व्यवस्था कराने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्गा पंडाल पारंपरिक स्थलों पर ही लगाए जाएं और आयोजन समितियां अपने वालंटियर तैनात करने के साथ संबंधित थाना या चौकी को भी इसकी सूचना दें। त्योहारों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। दुर्गा पंडालों, रामलीला मैदानों, मेला स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित साफ-सफाई के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा गया। मिलावटी खाद्य पदार्थों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पटाखों की बिक्री निर्धारित मानकों के अनुसार कराने व बिक्री स्थलों पर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। लोगों से बंद कमरों में पटाखे नहीं जलाने की अपील भी की गई। त्योहारों में बिजली की बढ़ती जरूरत को देखते हुए विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा गया, जिससे किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही उसका त्वरित समाधान कराया जा सके। भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेला स्थलों पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकतानुसार यातायात का सुचारु संचालन कराया जाए। बाजारों व मेलों के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। मेले, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा जाएगा। बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों व संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों को लेकर समस्याएं, सुझाव और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई कर समस्याओं का समय से समाधान कराने के निर्देश दिए। जिन थानों में पीस कमेटी की बैठक अभी शेष है, वहां तत्काल बैठक आयोजित कराने को भी कहा गया। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला, आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग समेत अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment