चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग की ओर से चल रहे त्रिदिवसीय श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का गुरुवार को लेबर अड्डा कर्वी में आयोजन किया गया। शिविर में श्रमिक हितलाभ वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल और उपजिलाधिकारी कर्वी अजय यादव ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना तथा कन्या विवाह सहायता योजना के लाभार्थियों को हितलाभ संबंधी प्रमाणपत्र वितरित किए। सहायक श्रमायुक्त आरके गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कन्या विवाह सहायता योजना
के 36 लाभार्थियों को 22.50 लाख रुपये तथा मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के 162 लाभार्थियों को 82.16 लाख रुपये का लाभ दिया जा चुका है। इस दौरान लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में द हंस फाउंडेशन के डॉ. शोभनाथ के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने 186 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें 53 श्रमिकों के हीमोग्लोबिन, 68 के रक्त शर्करा और 94 श्रमिकों के रक्तचाप की जांच की गई। शिविर में लेबर अड्डों और आसपास के क्षेत्रों से 200 से अधिक श्रमिक शामिल हुए। इस दौरान परिवार के सभी पात्र सदस्यों के मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए भी श्रमिकों को जागरूक किया गया।

No comments:
Post a Comment