पंद्रह लोगों ने कराया पंजीकरण, अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
फतेहपुर, मो शमशाद । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नेतृत्व रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर कायस्थ महासभा के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण से हुई। इसके बाद रेडक्रॉस भवन में डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया और आजीवन सदस्यों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सुबह दस बजे जिला अस्पताल के रक्तकेंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ
![]() |
| रक्तदाता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते आयोजक। |
मुख्य अतिथि लाल बहादुर शास्त्री के प्रपौत्र विराज शास्त्री एवं रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव एवं उनके सहयोगियों ने मुख्य अतिथि को बैज लगाकर शाल, मोतियों की माला एवं भगवान श्रीराम का चित्र प्रतीक चिह्न के रूप में भेंट किया। विशिष्ट अतिथि डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रभाकांत सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार भी मौजूद रहे। शिविर में आठ लोगों ने रक्तदान किया, जबकि पंद्रह लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। रक्तदान करने वालों में आशीष कुमार श्रीवास्तव, संजीव कुमार श्रीवास्तव, नवल किशोर, कपिलकांत शर्मा, देवांशु, शहनूर आलम, राजेश कुमार और शिवम शामिल रहे। सभी रक्तदानियों को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं रेडक्रॉस चेयरमैन ने माल्यार्पण, श्रीराम अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि रक्तदान महादान है। स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह में रक्तदान कर सकता है। एक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय रक्तकेंद्र के टेक्निकल सुपरवाइजर अशोक शुक्ल, पूजा तिवारी, दीपाली वर्मा, गोविंद प्रसाद, अजय कुमार, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार श्रीवास्तव, आजीवन सदस्य उमेश कुमार, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, शिवांकन श्रीवास्तव, प्रेमचंद्र मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment