मां समेत दो मासूम बेटियां मलबे में दबीं, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर निकाला, तीनों मेडिकल कॉलेज रेफर
फतेहपुर, मो शमशाद । कल्यानपुर थाना क्षेत्र के सांई गांव में मंगलवार सुबह बंदरों के झुंड के कच्चे मकान पर कूदने से बारिश में भीगा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय बरामदे में खाना बना रही महिला और उसकी दो मासूम बेटियां मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में मां समेत दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया गया। सांई गांव निवासी रतिराम प्रजापति का कच्चा मकान मंगलवार सुबह अचानक ढह गया। हादसे के समय उनकी बहू अनीता देवी (40) पत्नी शक्तिमान प्रजापति
![]() |
| मलबे में दबी बच्ची को निकालते ग्रामीण। |
बरामदे में खाना बना रही थीं, जबकि उनकी बेटियां वैशाली (डेढ़ वर्ष) व जानवी (तीन वर्ष) पास में खेल रही थीं। इसी दौरान बंदरों का झुंड मकान पर कूद पड़ा। पहले से बारिश के कारण भीगे कच्चे मकान का बरामदा और आगे पड़ा छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया। अनीता और दोनों मासूम बच्चियां मलबे में दब गईं। मकान गिरने की तेज आवाज और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने फावड़े व अन्य साधनों से मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। मलबा हटाने के दौरान डेढ़ वर्षीय वैशाली के हाथ की चार उंगलियां कट गईं और पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि तीन वर्षीय जानवी का पैर टूट गया। अनीता देवी के सिर में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने तीनों घायलों को तत्काल गोपालगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर राजस्व लेखपाल मौके पर पहुंचे और मकान गिरने की रिपोर्ट तैयार की। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल रहा।

No comments:
Post a Comment