Pages

▼

Saturday, October 3, 2026

कैरियर से लेकर कैंटीन तक: जिलाधिकारी ने विद्यालयों का किया व्यापक निरीक्षण

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिले के शिक्षा और प्रशासनिक विकास को गति देने के लिए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, राजकीय बालिका विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय मानिकपुर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्रावास की सुविधाएं, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया। पीएम श्री स्कूल और नवोदय विद्यालय में निरीक्षण के दौरान कक्षा 12 के विद्यार्थियों से बातचीत में पता चला कि वे नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर चिकित्सा और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को अभी से नियमित तैयारी शुरू करने की सलाह दी। साथ ही प्रधानाचार्या को निर्देश दिए कि विषय विशेषज्ञों के माध्यम से छात्रों को परीक्षा तकनीक और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।


बालिका छात्रावास में पढ़ने के लिए फर्नीचर की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही खेल मैदान की क्षतिग्रस्त फेंसिंग को ठीक करने को कहा। मेस निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता और स्वच्छता पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि बदलते मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। बालिका विद्यालय में जिलाधिकारी ने शौचालयों की सफाई, नए भवन में स्थानांतरण की तैयारियों और छात्राओं की समस्याओं के तत्काल निस्तारण पर बल दिया। प्राथमिक विद्यालय में फर्नीचर और डस्टबिन की कमी पर नगर पंचायत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता को सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। छात्रों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलें, इसके लिए सभी स्तरों पर सतर्कता बरती जाए। उन्होंने सभी विद्यालयों को समस्याओं की रिपोर्टिंग और समयबद्ध समाधान के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर, प्रधानाचार्य सपना सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment