चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिला मुख्यालय के कछारपुरवा में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन कथा व्यास भागवताचार्य कृष्णनंदन महाराज ने धुव चरित्र और कपिल भगवान द्वारा माता देवहूति को दिए गए उपदेशों का वर्णन किया। उन्होंने प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धैर्य, भक्ति, सद्कर्म और मानव सेवा का महत्व समझाया। कथा व्यास ने ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि बालक ध्रुव ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपना धैर्य और विश्वास नहीं खोया। उनकी अटूट भक्ति और दृढ़ संकल्प से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें आशीर्वाद दिया। ध्रुव की कथा सिखाती है कि जीवन में कितनी भी कठिनाइयां आएं, मनुष्य को निराश होने के बजाय सत्य, तप,
परिश्रम और सद्कर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। कपिल भगवान के उपदेशों की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन का उद्देश्य केवल धन-संपत्ति और भौतिक सुख जुटाना नहीं है, बल्कि आत्मकल्याण के साथ दूसरों के जीवन में खुशियां बांटना भी है। माता-पिता का सम्मान, बुजुर्गों की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और जीवों के प्रति दया ही सच्चे धर्म की पहचान है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा के संदेशों को जीवन में उतारने की अपील की। कहा कि विचारों की शुद्धता, व्यवहार में विनम्रता और हृदय में सेवा का भाव होगा, तभी परिवार और समाज का कल्याण संभव है। इस मौके पर मुख्य यजमान राधेरमण पयासी, क्षेमवती, रामसूरत पयासी, सावित्री देवी, अनूप पयासी, वरिष्ठ पत्रकार निरंजन मिश्र, सुनील कुमार पयासी, लवकुश पयासी, जावित्री देवी, सतरूपा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment