Pages

▼

Thursday, November 12, 2026

महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की स्मृति में जेआरएचएसयू में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय में भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान कुलपति प्रो. आरएन त्रिपाठी सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने महामना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभा में कुलपति प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि महामना मालवीय ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और शिक्षा के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना उनके दूरदर्शी चिंतन, अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज देश में शिक्षा के क्षेत्र में जो आधार विकसित हुआ है, उसमें काशी हिंदू विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कहा कि उन्होंने देशाटन और भिक्षाटन कर काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए


संसाधन जुटाए थे। इसी तरह जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने इस विश्वविद्यालय की स्थापना कर उच्च शिक्षा और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई पहल की। उन्होंने शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और गौरव को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जीवनपर्यंत कुलाधिपति के निजी सचिव रमापति मिश्रा ने भी महामना के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने महामना के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की बात कही। कार्यक्रम में संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment