दीनी, इल्मी व मिल्ली सेवाओं के लिए तीन प्रमुख हस्तियों को मिला नूरी मिल्लत अवार्ड
फतेहपुर, मो शमशाद । कस्बा लालौली के शहीद नगर स्थित जामिया अहसनुल बरकात में हजरत नूरी मिल्लत अलैहिर्रहमा का सालाना उर्स पूरे अकीदत, एहतराम व धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह दस बजे शुरू हुए आयोजन में बड़ी संख्या में उलमा-ए-किराम, मशाइख, हाफिजाने कुरआन व क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने शिरकत कर हजरत नूरी मिल्लत को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। कार्यक्रम का आयोजन हजरत मौलाना कारी मुहम्मद हुसैन रजा बरकाती किबला की सरपरस्ती व जामिया के शैखुल हदीस व सदरुल मुदर्रिसीन हजरत मौलाना जलालुद्दीन अहमद कादरी मिस्बाही की सदारत में किया गया। पीरे तरीकत हजरत बादशाह मियां बिलग्रामी,
![]() |
| सालाना उर्स में भाग लेते काजी-ए-शहर व अन्य। |
हजरत हसन मियां मसूली, हजरत गुलाम रसूल मियां सरिया, काजी-ए-शहर मुफ्ती मुहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही की विशेष मौजूदगी रही। उर्स के अवसर पर दीनी, इल्मी व मिल्ली सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए हजरत बादशाह मियां, हजरत गुलाम रसूल मियां के अलावा काजी-ए-शहर मुफ्ती मुहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही को नूरी मिल्लत अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने इन हस्तियों की धार्मिक एवं सामाजिक सेवाओं की सराहना की। कार्यक्रम में जामिया के असातिजा-ए-किराम, उलमा-ए-अहले सुन्नत, मशाइख, हाफिजाने कुरआन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में हजरत हसन मियां मसूली की दुआ के साथ उर्स का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment