बांदा में अवैध कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन का डंडा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, June 25, 2026

बांदा में अवैध कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन का डंडा

5 संस्थान बंद, एक सील, लाइब्रेरी को भी अल्टीमेटम

बांदा, के एस दुबे । शहर में छात्रों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले और बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने आज एक बड़ा अभियान चलाया। अपर जिलाधिकारी व सचिव बांदा विकास प्राधिकरण, जिला विद्यालय निरीक्षक और मुख्य अग्निशमन अधिकारी की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भारी अनियमितताएं मिलने पर 5 कोचिंग सेंटरों को तत्काल बंद करा दिया गया और एक संस्थान को सील करने की कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम को कई नामचीन कोचिंग सेंटर बिना किसी वैध पंजीकरण के चलते हुए मिले। इन सेंटरों में सुरक्षा


के मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। जांच में पाया गया कि किसी भी संस्थान में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आने और जाने के अलग-अलग द्वार नहीं थे। इसके अलावा, अग्निशमन से संबंधित कोई उपकरण भी मौके पर नहीं मिला और न ही संचालकों के पास अग्निशमन विभाग की अनापत्ति थी।कार्रवाई की जद में आए प्रमुख कोचिंग सेंटर मैथमैटिक्स बाई अंकित गुप्ता,फिजिक्स बाई इ० आदित्य, मैथमैटिक्स बाई आदित्य,इंग्लिश बाई जी०डी०, बायलॉजी बाई अनिल द्विवेदी प्रशासन ने इन सभी 5 कोचिंग सेंटरों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया और नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर एक कोचिंग सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया।

कोचिंग सेंटरों के अलावा संयुक्त टीम ने बिजली खेड़ा क्षेत्र में संचालित एक लाइब्रेरी का भी बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां भी कई खामियां और कमियां पाई गईं। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए लाइब्रेरी संचालक को निर्देश दिए कि या तो वे इन कमियों को तत्काल दूर करें, अन्यथा पुस्तकालय को बंद कर दिया जाएगा। इस पर संचालक ने प्रशासन को आश्वासन दिया है कि वे जल्द से जल्द सभी कमियों को ठीक कर लेंगे। अधिकारियों ने साफ किया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और बिना मानक व बिना पंजीकरण के चलने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages