35 साल से सड़क बदहाल होने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
फतेहपुर, मो शमशाद । विकास के दावों और योजनाओं के बीच सदर तहसील क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव की एक सड़क आज भी उपेक्षा की मार झेल रही है। दौलतपुर से आलमपुर नरही तक लगभग तीन किलोमीटर लंबा मार्ग पिछले करीब 35 वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा है। सड़क की बदहाली से क्षेत्र के लगभग 14 गांवों के हजारों ग्रामीण रोजाना परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। सड़क की दयनीय स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। टूटी और गड्ढों से भरी सड़क पर एकत्रित होकर ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं के जोरदार नारे लगाए और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
![]() |
| बदहाल सड़क का दृश्य। |
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जो बरसात के दिनों में जलभराव के कारण छोटे तालाब का रूप ले लेते हैं। इससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। सड़क की उखड़ी हुई सतह, कीचड़ और धूल ने राहगीरों का सफर बेहद कठिन बना दिया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। युवा समाजसेवी नितेश ने बताया कि सड़क की बदहाली का असर सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में शादी-विवाह जैसे आयोजनों में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार बाहर के लोग खराब सड़क का हवाला देकर रिश्ते करने से भी इनकार कर देते हैं, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक स्तर पर भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों की जरूरत है, न कि केवल एक गांव की समस्या। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


No comments:
Post a Comment