सीएमओ ने पल्स पोलियो बूथ दिवस का किया शुभारंभ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 28, 2026

सीएमओ ने पल्स पोलियो बूथ दिवस का किया शुभारंभ

1280 बूथों पर चला अभियान, 4.23 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य

फतेहपुर, मो शमशाद । पोलियो मुक्त समाज के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद में रविवार से सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हो गया। जिला महिला अस्पताल में बूथ दिवस का मुख्य चिकित्साधिकारी डा. यूबी सिंह ने फीता काटकर एवं नवजात बच्चे को जिंदगी की दो बूंद पिलाकर शुभारंभ किया। उन्होने लोगों का आहवान किया कि अपने-अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक अवश्य पिलवाएं। इसके लिए कल (आज) से डोर-टू-डोर टीमें लगाई गई हैं।

नवजात को पोलियो खुराक पिलाते सीएमओ डा. यूबी सिंह। 

जिला अस्पताल परिसर में पोलियो बूथ दिवस की तैयारियां की गई थीं। निर्धारित समय पर सीएमओ ने अभियान का शुभारंभ किया। उन्होने नवजात बच्चे को पोलियो खुराक भी पिलाई। सीएमओ ने कहा कि पल्स पोलियो एक अत्यंत गंभीर बीमारी है। इसको अभिभावक हल्के में न लें। अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे को पोलियो खुराक अवश्य पिलवाने का काम करें। उन्होने बताया कि शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकत्र्रियां बुलावा टोली के माध्यम से घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होने बताया कि जनपद के 4 लाख 23 हजार 800 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1280 पोलियो बूथ, 42 ट्रांजिट टीमें, 884 घर-घर टीमें, 256 पर्यवेक्षक तथा 39 सचल टीमें तैनात की गई हैं, जो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए कार्य करेंगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages