चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : वरिष्ठ शिक्षामित्र नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सर्वेश यादव ने प्रदेश सरकार से 26 वर्षों से कार्यरत शिक्षामित्रों के लिए स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र पिछले ढाई दशक से बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर शिक्षामित्रों को कम मानदेय मिलने पर नौकरी छोड़ने की सलाह दी जाती है, जबकि अधिकांश शिक्षामित्रों के परिवार की आजीविका इसी मानदेय पर निर्भर है।
सीमित मानदेय के बावजूद कभी शिक्षामित्रों ने अपने दायित्वों से समझौता नहीं किया और नियमित शिक्षकों की तरह पूरी निष्ठा से शिक्षण कार्य करते रहे हैं। उन्होंने सरकार से शिक्षामित्रों के 26 वर्षों के योगदान का सम्मान करते हुए स्थायी सेवा नियमावली लागू करने, उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, चिकित्सा सुविधा तथा सम्मानजनक सेवा शर्तें उपलब्ध कराने की मांग की। कहा कि मजबूत शिक्षा व्यवस्था के लिए शिक्षकों का सुरक्षित और सम्मानित होना आवश्यक है तथा शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान अब समय की आवश्यकता है।


No comments:
Post a Comment