प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के पहले दिन डीएम,एसपी का निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, October 26, 2026

प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के पहले दिन डीएम,एसपी का निरीक्षण

कलेक्ट्रेट नियंत्रण कक्ष से हो रही है अर्हता परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग

बाँदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के प्रथम दिवस यानी 25 अक्टूबर, 2026 को जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। परीक्षा को पूर्ण शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बाँदा श्री अमित आसेरी ने पुलिस अधीक्षक बाँदा के साथ परीक्षा केंद्र इण्टरमीडिएट कालेज, तिन्दवारा एवं विद्यावती निगम मेमोरियल पब्लिक स्कूल, बाँदा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग व्यवस्था, मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीय परीक्षा सामग्री के रख-रखाव का बारीकी से अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी द्वारा केंद्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट


एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया कि आयोग द्वारा जारी निर्देश पुस्तिका का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहकर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जनपद बाँदा में यह परीक्षा दिनांक 25, 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर, 2026 को प्रतिदिन दो पालियों पूर्वाह्न 10.00 से 12.00 बजे तक एवं अपराह्न 03.00 से 05.00 बजे तक में कुल 09 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम के तहत कलेक्ट्रेट स्थित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की सतत लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला प्रशासन बाँदा नकलविहीन, निष्पक्ष एवं सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages