जीत-हार नहीं प्रतिभा व अनुशासन है असली पहचान: डीएम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, October 13, 2026

जीत-हार नहीं प्रतिभा व अनुशासन है असली पहचान: डीएम

70 वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का डीएम ने किया शुभारंभ

विभिन्न वर्गों की दौड़ व लंबी कूद में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

फतेहपुर, मो शमशाद । स्पोर्ट्स स्टेडियम में 70वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का मंगलवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शुभारंभ किया। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा, वहीं मैदान पर खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी ने गुब्बारे व कबूतर उड़ाकर एकता एवं शांति का संदेश दिया। इसके बाद सीनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।

प्रतियोगिता उद्घाटन समारोह को संबोधित करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।

जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ व प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाध्यापिका अलका गौड़ ने बैज और कैप अलंकरण कर उन्हें सम्मानित किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद जिला क्रीड़ा सचिव भोला सिंह एवं प्रदीप सिंह चौहान की अगुवाई में एनसीसी व स्काउट की टुकड़ी ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। डीएम ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास व स्वस्थ जीवनशैली विकसित होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और निरंतर अभ्यास के जरिए अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने के बाद सह जिला विद्यालय निरीक्षक अविनाश, रेवाड़ी के प्रधानाचार्य कमल सिंह चौहान व सर्वाेदय इंटर कॉलेज असोथर के प्रधानाचार्य संतोष सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य, रेल बाजार इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवराम, जिला व्यायाम शिक्षक बेसिक दिलीप कुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका बेसिक सीमा सिंह, कमाल अहमद, हरिशंकर, अतुल सिंह, मृदुल शुक्ला, शैलेंद्र तिवारी, विजयकरण श्रीवास, विक्रम सिंह, मनोज कुमार, आलोक सिंह, महेंद्र सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के व्यायाम शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages