पुरानी पेंशन बहाली और अंतर्जनपदीय स्थानांतरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर जीआईसी मैदान से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जनपद बांदा में जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी एवं जिला मंत्री प्रजीत सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने जीआईसी मैदान में धरना देने के बाद हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों के अवकाश प्रतिबंधित किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं के विपरीत बताया। उन्होंने जिलाधिकारी से आदेश में शिथिलता प्रदान करने की मांग की और कहा कि
शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा। ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाली, 1 अप्रैल 2005 से पूर्व चयनित शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ, टीईटी संबंधी आदेश पर पुनर्विचार, शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच के आदेश पर रोक, सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद सृजित करने, ब्रिज कोर्स की अनिवार्यता समाप्त करने, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, मृतक शिक्षकों के योग्य आश्रितों को नियुक्ति, विद्यालयों में सफाईकर्मी, चौकीदार एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति, प्रोन्नत वेतनमान तथा द्वितीय शनिवार और उपार्जित अवकाश देने की मांग उठाई गई। इसके अलावा जनपद स्तर पर जनगणना एवं बीएलओ कार्य से संबंधित समस्याओं को लेकर भी ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाशंकर यादव, कोषाध्यक्ष रामसुफल कश्यप, सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष-मंत्री, संघर्ष समिति के पदाधिकारी, तहसील प्रभारी, महिला पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment