फेवीक्विक और टेप से बनाते थे नकली शटर, बांदा पुलिस ने दो शातिर गिरफ्तार
बाँदा, के एस दुबे । एटीएम से रुपये निकालने वाले ग्राहकों सावधान! बांदा पुलिस ने एटीएम में सेंधमारी करने वाले एक ऐसे शातिर और अनोखे गैंग का पर्दाफाश किया है, जिसके बारे में जानकर आपके भी होश उड़ जाएंगे। ये शातिर चोर एटीएम मशीन के कैश स्लॉट में फेवीक्विक, टेप और प्लास की मदद से एक कृत्रिम (नकली) शटर बना देते थे, जिससे ग्राहकों के पैसे मशीन से बाहर आने के बजाय उसी में फंस जाते थे। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। वे एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट के सामने लगे कवर को प्लास से क्षतिग्रस्त कर देते थे। इसके बाद टेप और फेवीक्विक की मदद से अंदर एक कृत्रिम शटर तैयार कर कवर को दोबारा चिपका देते थे, जिससे मशीन बाहर से बिल्कुल सामान्य और सुरक्षित दिखाई देती थी। जब कोई ग्राहक पैसे निकालने आता, तो मशीन ट्रांजैक्शन पूरा कर नकदी बाहर धकेलती, लेकिन नकली शटर के कारण रुपये बाहर नहीं आ पाते और वहीं फंस जाते थे। ग्राहक मशीन में तकनीकी खराबी समझकर मायूस होकर लौट जाता था। उसके जाते ही शातिर आरोपी मौके पर पहुंचते, कवर खोलकर फंसी हुई पूरी रकम निकालकर रफूचक्कर हो जाते थे।
इस शातिराना खेल का खुलासा तब हुआ जब 10/11 नवंबर की रात बंगालीपुरा स्थित एटीएम में परशुराम तालाब निवासी वीरेंद्र कुमार 15 हजार रुपये निकालने पहुंचे। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी जब नकदी हाथ नहीं आई और उसी दौरान एक अन्य5 रुपये निकालने वाले ग्राहक के साथ भी ऐसा ही वाकया हुआ, तो मामला संदिग्ध लगा। 11 नवंबर को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया। शुक्रवार, 13 नवंबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने महोखर बाईपास से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई जिसमें करन पुत्र अशोक, निवासी- बवारा सवारा, जनपद फतेहपुर, अजय पुत्र रामदास, निवासी- कंचन पुरवा, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर। इस संबंध में कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 581/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं (318(4), 303(2), 319(2), 334(2) और 317(2)) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5,960 रुपये नकद, एक बाइक, दो एंड्रॉइड मोबाइल, 5 एटीएम कार्ड तथा वारदात में इस्तेमाल होने वाला सामान प्लास, तीन प्लेट, टेप के तीन बंडल, सिल्वर स्प्रे पेंट, तीन रबर, फेवीक्विक, बिजली का टेप और एक बैग बरामद किया है। इस पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, मंडी समिति चौकी प्रभारी आकाश शुक्ला, कांस्टेबल नवीन कुमार यादव, प्रशांत कुमार और सौरभ शामिल रहे। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इन्होंने बांदा के अलावा अन्य किन जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।


No comments:
Post a Comment