बांदा की केन नदी में मौरम माफियाओं का नंगा नाच! - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, November 17, 2026

बांदा की केन नदी में मौरम माफियाओं का नंगा नाच!

बिना पट्टे के दिन-रात हो रहा अवैध खनन, प्रशासन की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल।

चौकी थाना सेट होने के बाद होता है रात से लेकर सुबह तक अवैध खनन

खनिज अधिकारी को सूचना देने के बाद भी नहीं करते कोई कार्रवाई 

बांदा, के एस दुबे । बांदा जनपद में जीवनदायिनी केन नदी का सीना छलनी करने का खेल बेखौफ जारी है। मौरम (रेत) माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सीधे तौर पर जिला प्रशासन के इकबाल को खुली चुनौती दे रहे हैं। ग्राम गोड़ी बाबा और मुक्तिधाम के पास से बिना किसी वैध पट्टे और विभागीय अनुमति के बड़े पैमाने पर मौरम का अवैध खनन किया जा रहा है। सैकड़ों ट्रैक्टरों से हो रहा अवैध परिवहन, वीडियो में कैद हुई हकीकत इस अवैध कारोबार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टरों के जरिए मौरम का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सामने आए ताजा वीडियो साक्ष्यों में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि सुबह ही (करीब 6:20 बजे) मौरम से लदे ट्रैक्टरों की कतारें ग्राम गोड़ी बाबा की तंग बस्तियों से धड़ल्ले से गुजर रही हैं। स्थानीय सूत्रों और गुप्त सूचनाओं के अनुसार, मुक्तिधाम के पास से भी रात के घुप अंधेरे में खुलेआम नदी से अवैध खनन का कार्य जोरों पर है।   


गहराता जल संकट और प्राकृतिक आपदा की आहट

केन नदी की तलहटी और किनारों पर लगातार हो रहे इस अंधाधुंध मशीनरी खनन से प्राकृतिक आपदाओं और भयंकर जल संकट का खतरा मंडराने लगा है। पिछले वर्ष गर्मियों में बांदा के नागरिक पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर चुके हैं, जिसका भयावह नजारा सभी ने देखा था। वर्तमान स्थिति यह है कि जिले में पेयजल सप्लाई का भारी संकट पैदा हो गया है। 'चित्रकूट जल संस्थान' शहर के कई मोहल्लों में लोगों के घरों तक पेयजल पहुंचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। यदि नदी का सीना यूं ही चीरा जाता रहा, तो भविष्य में बांदा को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ सकता है।   

खनन विभाग और जिला प्रशासन पर उठते गंभीर सवाल

इस पूरे प्रकरण ने जिला प्रशासन और खनन विभाग की कार्यप्रणाली को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा कर दिया है। बांदा का आम नागरिक अब यह पूछ रहा है:

आखिर किसकी सरपरस्ती और निगरानी में मौरम का यह अवैध खेल चल रहा है?  

जिले की खनन विभाग की टीम और टास्क फोर्स कहां सो रही है?   

क्या जिम्मेदार अधिकारियों को दिन-रात हो रही सैकड़ों ट्रैक्टरों की इस अवैध आवाजाही की कोई जानकारी नहीं है?   

जनता की सीधी मांग है कि यदि ग्राम गोड़ी बाबा और मुक्तिधाम में हो रहा यह खनन अवैध है, तो अब तक मौरम माफियाओं पर कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? और यदि प्रशासन का दावा है कि यह खनन वैध है, तो इसके पट्टे और अनुमति का पूरा विवरण पारदर्शिता के साथ जनता के सामने सार्वजनिक किया जाना चाहिए।   

आम नागरिक भुगतेंगे परिणाम, सख्त कार्रवाई की दरकार

अब वक्त सिर्फ सवाल पूछने या कागजी खानापूर्ति करने का नहीं रह गया है। यदि समय रहते प्रशासन नींद से नहीं जागा, तो स्थितियां पूरी तरह से बेलगाम हो जाएंगी। कुछ लोग और पत्रकार भले ही खबरें चलाकर इस अवैध खनन में अपनी हिस्सेदारी या स्वार्थ सुनिश्चित कर लें, लेकिन जल संकट और पर्यावरण विनाश का जो खामियाजा बांदा का आम नागरिक भुगतेगा, उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर जाकर जांच करनी चाहिए और मौरम माफियाओं पर गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब अपनी आंखें खोलता है। जब इस संबंध में पूरे मामले की जानकारी खनिज अधिकारी से लेनी चाहि तो उन्होंने अपना फोन ही नहीं रिसीव किया।





No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages