नगरों की तस्वीर बदलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार : स्वतंत्र देव - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, May 4, 2023

नगरों की तस्वीर बदलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार : स्वतंत्र देव

जलशक्ति राज्य मंत्री ने बांदा और तिंदवारी में आयोजित सम्मेलन को संबोधित किया 

बांदा, के एस दुबे । धन की देवी लक्ष्मी हाथी, साइकिल और हाथ के पंजे में नहीं बल्कि कमल पर बैठकर आती हैं। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने गरीबों का बैंक में खाता खोलकर उन्हें पक्का मकान, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन के साथ ही आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख तक का मुफ्त इलाज देने का काम किया है। डबल इंजन की सरकार यहां पहले से ही चल रही है, अब आपको ट्रिपल इंजन की सरकार की बनानी है ताकि आपके नगर का भी तेजी से विकास हो सके। यह बात गुरुवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शहर के एक मैरिज हाउस और तिन्दवारी कस्बे में भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में व्यक्त किये। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड के हर घर में नल के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का भागीरथी कार्य भाजपा की मोदी और योगी सरकार कर रही है। अब हमारा लक्ष्य बुंदेलखंड के प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में कांवड़ यात्रा बंद कर दी जाती थी, लेकिन आज उसी कावड़ यात्रा का स्वागत हेलीकॉप्टर से फूल बसाकर किया जाता है। सबका साथ- सबका विकास के मंत्र पर चलकर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। घर-घर विकास पहुंचाकर आम जनता की आशाओं को पूरा करने का काम किया जा रहा है। कहा कि आज जरूरतमंदों के साथ केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार खड़ी है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत 15 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है वही उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी तेल, शक्कर, दाल आदि का वितरण किया जा रहा है। केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में योगी सरकार बना कर आप सभी ने डबल इंजन की सरकार बनाई है वैसे ही नगर निकाय में भी कमल खिला कर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का संकल्प लें। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके नगर का चौमुखी विकास करेंगे और इस कस्बे को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करेंगे। सम्मेलन को जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने संबोधित करते हुए नगर निकाय चुनाव में कमल खिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के प्रत्येक वर्ग को बिना भेदभाव के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी कमलावती सिंह, सांसद आरके पटेल, विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भी भाजपा के प्रत्याशियों को विजयश्री दिलाने की अपील की, ताकि नगर में भी भाजपा की सरकार बन सके और शहर का तेजी से विकास हो सके। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डॉ.धर्मेंद्र त्रिपाठी और बांदा नगर पालिका परिषद चेयरमैन पद प्रत्याशी मालती बासू समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर तिंदवारी में आयोजित सम्मेलन में हमीरपुर-महोबा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, भाजपा नेता बलराम सिंह कछवाह, रामकरण सिंह वचन, पूर्व जिला अध्यक्ष लवलेश सिंह, राकेश बाजपेई, भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी गुप्ता तथा जिला मीडिया प्रभारी आनंदस्वरूप द्विवेदी, जिला महामंत्री तथा निकाय चुनाव के जिला संयोजक अखिलेशनाथ दीक्षित आदि उपस्थित रहे। 

तिंदवारी में स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत करते भाजपाई

पांच काम कर लिये तो दुनिया में करोगे राज

बांदा। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने सम्मेलन में बड़ी संख्या में मौजूद प्रबुद्धजनों से संवाद शैली में कहा कि नन्हे-मुन्ने बच्चों से गुटका मत मंगाओ। बूढ़े मां-बाप की सेवा करो। पत्नी और मां-बेटी को न तो डांटो और न ही उन पर हाथ उठाओ। रिक्शा, ठेलिया मजदूर और गरीबों को कभी अपमानित न करो, उन्हें चाय-पानी जरूर कराओ। शाम को घर में दूध पी लेना, बाकी कुछ न पीना। बस यह पांच काम आप कर लेना बाकी सब हम संभाल लेंगे। अगर यह पांच काम कर लिए तो यह राज्य हंसता-खिलखिलाता रहेगा और आप पूरी दुनिया में राज करोगे। 

बांदा में भाजपा के प्रबुद्धजन सम्मेलन में बोलते जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह

जिलाध्यक्ष समेत डेढ़ सैकड़ा लोगों ने थामा भाजपा का दामन 

बांदा। निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व सपा प्रबुद्ध सभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मिश्रा पप्पू की अगुवाई में तकरीबन डेढ़ सैकड़ा लोगों ने सपा व बसपा का साथ छोड़कर भाजपा का भगवा ओढ़ लिया। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के समक्ष सदस्यता ग्रहण की और भाजपा का पटका ओढ़कर जय श्रीराम के नारे लगाए। भाजपा के प्रबुद्ध जन सम्मेलन में सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व सपा प्रबुद्ध सभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मिश्रा पप्पू मिश्रा की अगुवाई में पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतेंद्र सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह, नगर अध्यक्ष सपा प्रबुद्ध सभा लवकेश त्रिपाठी, लोहिया वाहनी जिला सचिव लवलेश गुप्ता, जिला सचिव प्रबुद्धसभा अमित त्रिपाठी, कामता त्रिपाठी, बसपा से बिसंडा नपं सभासद विष्णुपाल सिंह, बसपा नेता पंकज बाजपेयी, महेश पाल कच्छू, मुकेश साहू, गौरव त्रिपाठी, पप्पू गुप्ता, अभय सेन, दिनेश सेन बच्चू प्रजापति, वीरेंद्र सिंह, रामस्वरूप कुशवाहा, जय प्रकाश त्रिवेदी, राम सिंह, लव तिवारी, आलोक श्रीवास्तव, आशीष याज्ञिक, सतीश कुमार, विजय पाल समेत डेढ़ सैकड़ा से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पप्पू मिश्रा ने जलशक्ति मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर भाजपा के साथ काम करते हुए संगठन के लिए काम करने का संकल्प लिया। कहा कि सपा में सर्वणों का हित कतई संभव नहीं है। सपा में सर्वण बिरादरी के लोगों को केवल शोषण का शिकार बनाया जाता है।

 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages