सीसीटीवी कैमरों से लैस होगा रेलवे स्टेशन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, September 8, 2023

सीसीटीवी कैमरों से लैस होगा रेलवे स्टेशन

खागा/फतेहपुर, मो. शमशाद । यात्री ट्रेनों के ठहराव में भले ही नगर का रेलवे स्टेशन अन्य दूसरों से पीछे हो, सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जल्द ही सीसीटीवी (क्लोज सर्किट टेलीविजन) कैमरे लगवाए जाएंगे। स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में लगे कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। रेलवे स्टेशन पर सुबह-शाम चार यात्री ट्रेनों का ठहराव है। मेमो पैसेंजर, चौरीचौरा, संगम तथा इंटरसिटी एक्सप्रेस पर यात्रा करने वाले लोगों को स्टेशन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। स्टेशन की प्रत्येक हलचल कैमरे में कैद होगी। जिससे छेड़छाड़, चोरी, स्नेचिंग और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे पकड़ने में आसानी होगी। रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी और आरपीएफ स्टाफ को भी बिना सीसीटीवी कैमरों के सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखना चुनौती होता है। रेलवे स्टेशन के भीड़भाड़ वाले स्थल जैसे प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय,

खागा रेलवे स्टेशन का मुख्य द्वार।

प्लेटफार्म और पूछताछ केंद्र के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिनकी मदद से संदिग्धों पर पैनी नजर रखने और अपराध का ठोस सबूत जुटाने में आसानी होगी। दैनिक यात्रियों अनिल कुमार, विजय कुमार गुप्ता, सोनू सिंह, दिवाकर सिंह आदि का कहना था सुरक्षा में तीसरी आंख का बेहद महत्व होता है। ऐसे में रेलवे स्टेशन को सीसीटीवी कैमरों से लैस करना बेहद महत्वपूर्ण निर्णय है। रेलवे स्टेशन पर हर रोज करीब दो से तीन हजार यात्रियों का आना-जाना होता है।

निर्भया कोष से लगेंगे कैमरे

रेलवे स्टेशन पर दस कैमरे लगाए जाएंगे। जिनमें खर्च होने वाली धनराशि निर्भया कोष से खर्च की जाएगी। महिला यात्रियों के साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर की निगरानी में कैमरों का विशेष महत्व रहेगा। कार्यदायी संस्था ने दो दिन पहले टेलीकाम विभाग के अधिकारियों संग स्टेशन का निरीक्षण किया है।

- सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने में जीआरपी, आरपीएफ को मदद मिलेगी। कैमरों की मानीटरिंग जिला मुख्यालय से होगी, जिसका लिंक उन्हें खागा रेलवे स्टेशन से उपलब्ध कराया जाएगा- राकेश कुमार, अवर अभियंता रेलवे टेलीकाम।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages