Pages

Tuesday, June 24, 2025

पीसीएस व एआरओ/एएआरओ परीक्षा की तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश 0 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें अधिकारी

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । डीएम शिवशरणप्पा जीएन एवं एसपी अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीसीएस परीक्षा केंद्र निर्धारण एवं आगामी एआरओ/एएआरओ परीक्षा-2025 की तैयारी को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में परीक्षा की निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने बताया कि आयोग के निर्धारित एआरओ/एएआरओ परीक्षा 27 जुलाई को कराई जाएगी, जिसके लिए जनपद में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, सह व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक की तैनाती होगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, बाउंड्री वॉल, प्रकाश व्यवस्था समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही केंद्रों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है।

आगामी परीक्षाओं के मद्देनजर बैठक लेते डीएम-एसपी 

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करें। यदि कहीं कोई कमी दिखाई दे, तो उसे समय रहते दुरुस्त कराएं। एसपी अरुण कुमार सिंह ने निर्देशित किया कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और संचालन सही ढंग से कराएं। कहा कि जिन संस्थाओं के माध्यम से सीसीटीवी की व्यवस्था होती है, वे अक्सर सक्रिय नहीं रहतीं। इस पर आयोग से संवाद कर तत्काल समाधान करें। तत्पश्चात डीएम व एसपी ने पीसीएस परीक्षा केंद्र निर्धारण पर भी समीक्षा की। डीआईओएस ने बताया कि जनपद में नौ परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। बैठक में एडीएम उमेश चन्द्र निगम, एसडीएम कर्वी सुश्री पूजा साहू, मानिकपुर मोहम्मद जसीम, मऊ सौरभ यादव, राजापुर आरआर रमन, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर श्री राजकमल, समेत अन्य मौजूद रहे।



No comments:

Post a Comment