चेंबर विवाद को लेकर अधिवक्ताओं में मारपीट, एक जख्मी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, July 1, 2025

चेंबर विवाद को लेकर अधिवक्ताओं में मारपीट, एक जख्मी

मंगलवार की सुबह का मामला, पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा

दोनो पक्षों ने नगर कोतवाली में दी तहरीर, दर्ज होगी रिपोर्ट

बांदा, के एस दुबे । कचहरी में मंगलवार को सुबह चेंबर का ताला तोड़ने और अपना सामान रखने पर अधिवक्ताओं के बीच कहासुनी होने के बाद मारपीट हो गई। इस मारपीट में एक अधिवक्ता घायल हुए हैं। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक के साथ ही सीओ सिटी और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनो पक्षों ने कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

जिला अस्पताल में भर्ती अधिवक्ता

पूर्व बार संघ अध्यक्ष की ओर से आवंटित किए गए चेंबरों के कक्षों का ताला तोड़ दिया गया। इसी बात को लेकर मंगलवार की सुबह अधिवक्ताओं के बीच रार हो गई। पूर्व बार संघ अध्यक्ष अशोक दीक्षित के कक्षों का सोमवार की रात ताला तोड़ दिया गया और उन कक्षों में दूसरे अधिवक्ता गोविंद प्रसाद त्रिपाठी ने अपना सामान रख दिया। इसकी जानकारी मंगलवार सुबह पूर्व बार संघ अध्यक्ष को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। इसी बात को लेकर अधिवक्ताओं में कहासुनी होने लगी। अधिवक्ता गोविंद त्रिपाठी और पूर्व बार संघ अध्यक्ष अशोक दीक्षित के बीच छीना-झपटी हुई।

कचहरी परिसर में मौजूद पुलिस फोर्स

इसी दौरान अधिवक्ता गोविंद चोटहिल हो गए। अधिवक्ताओं के बीच मारपीट होने की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह, सीओ राजीव प्रताप सिंह, नगर कोतवाल बलराम सिंह पुलिस फोर्स और पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनो पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages