चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : अटल आवासीय विद्यालय, अछरौड जनपद बांदा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा छह एवं कक्षा नौ में प्रवेश के लिए आवेदन तिथि 15 फरवरी तक विस्तारित कर दी गई है। यह प्रवेश उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 29 नवंबर 2022 से पूर्व पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 महामारी के दौरान कोरोना से निराश्रित बच्चों तथा बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चों के लिए किया जाएगा। सहायक श्रमायुक्त आर.के. गुप्ता ने बताया कि विद्यालय में कक्षा छह के लिए 160 तथा कक्षा नौ के लिए 140 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें पूर्व से अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी सम्मिलित हैं। प्रवेश के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया आगामी 15 फरवरी 2026 तक चलेगी। आवेदन पत्र किसी भी कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन
पत्र आवश्यक अभिलेखों एवं तीन पासपोर्ट साइज फोटो के साथ 15 फरवरी की सायं 5 बजे तक जनपद चित्रकूट के श्रम विभाग कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है। बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्म तिथि एक मई 2014 से पूर्व से तथा 31 जुलाई 2016 तक होनी चाहिए, जबकि कक्षा नौ के लिए जन्म तिथि 1 मई 2011 से पूर्व एवं 31 जुलाई 2013 तक होनी चाहिए। कक्षा छह के लिए अभ्यर्थी का कक्षा पांच तथा कक्षा नौ के लिए कक्षा आठ में अध्ययनरत होना अथवा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। प्रति परिवार अधिकतम दो बच्चे ही प्रवेश के लिए पात्र होंगे। प्रवेश के लिए निर्माण श्रमिकों के बच्चों को अद्यतन नवीनीकृत श्रमिक पंजीयन पहचान पत्र, अनाथ बच्चों के लिए माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, अभ्यर्थी का जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, संबंधित कक्षा में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र अथवा उत्तीर्ण होने की स्थिति में अंकपत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा आगामी आठ मार्च 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र की जानकारी प्रवेश पत्र के माध्यम से दी जाएगी। प्रवेश पत्र 26 से 28 फरवरी के मध्य ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन प्राप्त किए जा सकेंगे। विद्यालय में प्रवेश पूर्णतः मेरिट के आधार पर किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment