बाँदा, के एस दुबे । आयुक्त ने नरैनी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जन समस्याओं से संबंधित मामले प्राथमिकता से निस्तारित करें, इसके साथ उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी अधिकारी नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण करें और जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करें। शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समययबद्ध व पारदर्शिता के साथ पहुंचाएं, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाना पड़े। संपूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त अजीत कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस के साथ फरियादियों की गंभीरता के साथ समस्याएं सुनी। इस दौरान लगभग 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से पेंशन स्वीकृति, विद्युत बिल संशोधन, परिवार रजिस्टर में नाम जोड़े जाने, नाली निर्माण तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित प्रकरण सम्मिलित थे। आयुक्त ने समाधान दिवस में आई जन शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के लिए
अधिकारियाें को निर्देशित किया और चेतावनी भी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता नही होनी चाहिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में शौचालय गंदा पाया गया तथा ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित नहीं पाया गया। इसके साथ ही पोर्च क्षेत्र में लगी टाइल्स उखड़ी हुई पाई गयीं। इस पर आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केन्द्र की स्वच्छता व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ करायी जाए, ड्यूटी रोस्टर को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा भवन की क्षतिग्रस्त संरचनाओं का शीघ्र मरम्मत कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी तथा पुनरावृत्ति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद आयुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, देवरार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समस्त चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशानुरूप जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्ण उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।


No comments:
Post a Comment