निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन
बाँदा, के एस दुबे । इंटरनेशनल ईमिटी एवं बचपन स्कूल में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना, उन्हें विभिन्न रोगों के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व को समझाना रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर में चिकित्सकों डॉ. प्रग्या प्रकाश, डॉ. एस. पी. सिंह, डॉ. एस. पी. गुप्ता, डॉ. ऋषिका सिंह, डॉ. भूपेन्द्र सिंह, डॉ. अनीता अग्रहरी एवं डॉ. एस. के. यादव ने अपनी महत्वपूर्ण एवं निःस्वार्थ सेवाएँ प्रदान कीं। सभी चिकित्सकों ने अत्यंत समर्पण एवं सेवा भाव से बच्चों एवं अभिभावकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
चिकित्सकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। यदि विद्यार्थी नियमित दिनचर्या अपनाएँ, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें, प्रतिदिन व्यायाम करें तथा मोबाइल और टीवी का सीमित उपयोग करें, तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सकते हैं।” डॉक्टरों ने यह भी सलाह दी कि बच्चे प्रतिदिन पर्याप्त नींद लें, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें।
डॉ. एस. पी . गुप्ता सहित सभी चिकित्सकों ने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे समय-समय पर बच्चों की स्वास्थ्य जाँच अवश्य कराएँ और उनकी दिनचर्या, खानपान एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि “बचपन की सही देखभाल ही भविष्य के स्वस्थ और सफल नागरिक तैयार करती है।”डॉक्टर ऋषिका सिंह ने दांतों के बारे में बताया की सभी बच्चों को सुबह-शाम टूथब्रश करना चाहिए और कुछ भी खाने के बाद सादे पानी से कुल्ला करना चाहिए। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 564 विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जाँच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी एवं आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
विद्यालय की प्रबंधक प्रभा यादव ने सभी सम्मानित चिकित्सकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला है। शिविर के सफल संचालन में विद्यालय की उपप्रबंधक प्रवि यादव एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment