Pages

Tuesday, March 10, 2026

गौशाला से पुष्टाहार प्लांट तक सीडीओ की पड़ताल- लापरवाही पर सचिव व प्रधान को नोटिस

181 गौवंश, मगर भूसा कम 

निरीक्षण में दिखीं व्यवस्था की दरारें

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले में विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने निकले मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल ने विकास खंड मऊ की ग्राम पंचायत तिलौली स्थित गौशाला और ग्राम पंचायत सेसासुबकरा के मजरा पटौरी में संचालित टीएचआर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में करीब 181 गोवंश संरक्षित पाए गए, जबकि वहां चार केयरटेकर तैनात हैं। हालांकि भूसे के लिए बने भूसा घर में भूसे की बेहद कमी मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। गौशाला परिसर में गोबर का बड़ा ढेर भी मिला, जिसे नियमानुसार नीलाम करने के निर्देश दिए गए। मौके पर पशुओं के लिए 5 बोरी पशु आहार, 8 बोरी नमक, 50 किलो गुड़ और 5 बोरी खरी

गौशाला के निरीक्षण में मौजूद सीडीओ व अन्य

उपलब्ध पाई गई। गौशाला में टीनशेड, चरही, सोलर समरसेबल से पेयजल और सोलर लाइट की व्यवस्था मौजूद है, लेकिन साफ-सफाई और संतुलित आहार की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सीडीओ ने सेसासुबकरा के मजरा पटौरी में संचालित टीएचआर प्लांट का भी निरीक्षण किया, जहां महिला समूह की अध्यक्ष मंजू देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान डेली प्रोडक्शन, वितरण और रेसीपी रजिस्टर का अवलोकन किया गया तथा मशीनों की कार्यप्रणाली देखी गई। मौके पर पुष्टाहार तैयार होता पाया गया। प्लांट में तैयार सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए गोदाम निर्माण का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी मिलने पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी को इसकी अद्यतन स्थिति से शीघ्र अवगत कराने के निर्देश दिए।


No comments:

Post a Comment