Pages

Tuesday, March 10, 2026

स्टेशन रोड पर जाम का शिकंजा- तपती धूप में घंटों कैद स्कूली बच्चे, ट्रैफिक व्यवस्था गायब

ई-रिक्शा और ऑटो का आतंक 

मनमानी से जाम का साम्राज्य

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले के कर्वी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन रोड भीषण जाम की स्थायी समस्या से जूझ रहा है। शहर के इस व्यस्त मार्ग पर दिन व रात के व्यस्त समय में हालात ऐसे बन जाते हैं कि लोगों का निकलना किसी चुनौती से कम नहीं रह जाता। सबसे अधिक परेशानी स्कूल और कोचिंग से लौटने वाले बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जो अक्सर घंटों जाम में फंसे रहने को मजबूर हो जाते हैं। तेज धूप और उमस के बीच छोटे-छोटे बच्चों का सड़क पर अटक जाना अभिभावकों की चिंता को और बढ़ा देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी ने समस्या को विकराल बना दिया है। सवारी भरने के लिए वाहन जहां-तहां खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे कुछ ही मिनटों में लंबी कतारें लग जाती हैं और सड़क पूरी तरह जाम हो जाती है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि पैदल चलने वालों तक को रास्ता नहीं मिल पाता। लोगों का


आरोप है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस या ट्रैफिक कर्मियों की मौजूदगी शायद ही कभी नजर आती है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही समस्या और गंभीर होती जा रही है, क्योंकि जाम में फंसे बच्चों और राहगीरों को तपती धूप में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन ई-रिक्शा और ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड तय कर दे, अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करे और नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू करे, तो इस मार्ग पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है। फिलहाल स्टेशन रोड पर जाम का यह सिलसिला लोगों के लिए रोजाना की परेशानी बन चुका है।


No comments:

Post a Comment