चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में किसान दिवस कलेक्ट्रेट सभागार सोनेपुर में सम्पन्न हुआ। किसानों की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राम सिंह राही ने की। उन्होंने किसानों की समस्याओं से संबंधित जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय मांगों पर ज्ञापन दिया। किसान जिलाध्यक्ष ने कहा कि गर्मी का समय शुरू हो गया है, जिले में पेयजल का संकट अभी से दिखने लगा है और जल जीवन मिशन हर घर जल योजना सफल नहीं हो रही है। जल संकट से निपटने के लिए हैंडपंप एवं खराब पड़े हैंड पंपों को री-बोर कराते हुए पेयजल समस्याओं से निपटा जा सकता है। जनपद में रबी की फसल तैयार है, तिलहन एवं दलहन खरीद के लिए खरीद केंद्र को प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर खोले जाएं, जिससे किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। भारतीय किसान यूनियन के जिला महामंत्री अरुण कुमार पाण्डेय ने कहा कि गर्मी में जायद की फसलों की तैयारी पूर्ण हो रही है, किसानों को भरोसा दिलाया जाए कि गौशाला से जानवरों को नहीं छोड़ा जाएगा। यदि ऐसा
हुआ तो किसानों की फसल एवं लागत दोनों का नुकसान होगा। साथ ही उन्होंने कहा सहकारी समितियों में डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, भारतीय किसान यूनियन द्वारा लगातार कृषि विभाग से जिले में फसल बीमा योजना के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक करने को कहा जा रहा है, लेकिन बीमा कंपनी एवं कृषि विभाग सूची उपलब्ध कराने व सूची को सार्वजनिक कराने से कतरा रहा है, जिससे प्रतीत होता है कि बीमा कंपनी द्वारा किसानों के साथ पक्षपात किया गया है। कंठीपुर के किसान रामप्रकाश ने बताया कि जलजीवन मिशन द्वारा बनाई जा रही सड़क मानक अनुसार नहीं बनाई जा रही है। ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह चैहान ने बताया कि ग्राम पंचायत सगवारा लोक निर्माण विभाग द्वारा सीसी रोड बनाई जा रही है जिसमें 3.75 मीटर चैड़ी रोड को मात्र 3 मीटर बनाया जा रहा है। किसानों ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग से उचित कार्यवाही कर मानक अनुसार कार्य कराए जाने का अनुरोध किया। यूनियन के जिला उपाध्यक्ष रमेश सिंह फौजी, युवा बिंग जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह, युवा बिंग तहसील अध्यक्ष डुप्ले पटेल, छेदीलाल सिंह, गोरेलाल सिंह, योगेंद्र सिंह, जगमोहन, रामशरण राजपूत, ज्ञान सिंह, राजकुमार पटेल, शैलेन्द्र सिंह, नरेश सिंह, इंद्रजीत सिंह, अजीत कुमार शुक्ला, अनिल सिंह, विनय कुमार, अवधबिहारी सिंह, संदीप पटेल, शिव भवन वर्मा, नीतेश सिंह, उपकृषि निदेशक राजकुमार, समस्त कृषि अधिकारी एवं समस्त यूनियन सदस्यों सहित यूनियन के मीडिया प्रभारी देवेन्द्र सिंह मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment