Pages

Wednesday, April 29, 2026

पीड़िता से मिलने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका

हिरासत में लेकर भेजा कोतवाली, पांच घंटा बाद हुए रिहा

फतेहपुर, मो शमशाद । खागा कोतवाली क्षेत्र र्के इंट गांव निवासी गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को मंगलवार को प्रशासन ने प्रयागराज हाईवे पर रोककर हिरासत में ले लिया और कोतवाली भेज दिया। पांच घंटे बाद सभी को रिहा कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला तथा इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के घर जाकर परिजनों से मुलाकात करने और घटना की जानकारी लेने के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही काफिला प्रयागराज हाईवे पहुंचा, पहले से तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। काफी देर तक नोंकझोंक के बाद

बाईपास हाईवे पर कांग्रेसियों को रोकती पुलिस। 

पुलिस ने सभी नेताओं को हिरासत में लेकर खागा कोतवाली भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार न्याय की मांग उठाने वालों को अपराधी की तरह देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब आरोपी सत्ताधारी दल से जुड़ा हो तो सरकार का बुलडोजर शांत हो जाता है, जबकि न्याय व्यवस्था सबके लिए समान होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह से सवालों के घेरे में है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शहर अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा ने भी प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल है। महिलाओं के सम्मान पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन दबाव में निष्क्रिय दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी प्रवक्ता देवी प्रकाश दुबे, उपाध्यक्ष शेख एजाज अहमद, माधुरी रावत, पूर्व अध्यक्ष पप्पू पाल, मनोज घायल, आदित्य श्रीवास्तव, नजमी कमर, निजामुद्दीन, अजय बच्चा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी शामिल रहे। वहीं खागा कोतवाली में कलीम उल्ला सिद्दीकी, प्रकाश पांडेय, आशू पांडेय, मो. कासिम, सलीम शेख और सूर्यप्रकाश सिंह समेत अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में रखा गया। कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही समर्थकों में नाराजगी फैल गई। देर शाम तक कोतवाली परिसर में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।


No comments:

Post a Comment