Pages

Saturday, April 25, 2026

सपा के साथ खड़ा है प्रदेश का अल्पसंख्यक समाज: नसीम उद्दीन

2027 के विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल कर पुनः बनाएंगे सरकार

पीडीए वर्ग को आगे बढ़ने से रोक कर रही भाजपा, जनता सिखाएगी सबक

फतेहपुर, मो शमशाद । समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नसीम उद्दीन सिद्दीकी शनिवार को एक दिवसीय जनपद दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूती देने और आगामी चुनावों की रणनीति पर कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया। उन्होंने लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो0 आजम खान के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों का खाका भी पेश किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि जब से वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं, तभी से प्रदेश के विभिन्न जनपदों का लगातार दौरा कर रहे हैं। उनका उद्देश्य मिशन 2027 को सफल बनाना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का अल्पसंख्यक समाज पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत

पूर्व मंत्री नसीम उद्दीन सिद्दीकी का स्वागत करते लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष मो0 आजम व अन्य।

से पार्टी को बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल कर पुनः सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में भी जुट जाएं, ताकि पार्टी को लगातार जीत दिलाई जा सके। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नसीम उद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए वोट चोरी करने की कोशिश की जा रही है और विपक्षी नेताओं व कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाकर उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में अपराध चरम पर है और आम जनता अपने को असुरक्षित महसूस कर रही है। पूर्व मंत्री ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि यही वर्ग समाजवादी पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पीडीए वर्ग को आगे बढ़ने से रोकने का काम कर रही है और उसे हर स्तर पर दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव एक ऐसे युवा नेता हैं, जो सर्व समाज को साथ लेकर चलते हैं और हर वर्ग की समस्याओं को समझते हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश का समग्र विकास संभव है। इससे पूर्व लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो0 आजम खान की अगुवई में कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री नसीम उद्दीन सिद्दीकी का भारी-भरकम माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, महिला जिलाध्यक्ष संगीता राज पासी, असलम फर्सी, फतेहपुर चेयरमैन राजकुमार मौर्य एडवोकेट, जहानाबाद चेयरमैन आबिद हसन, अमित मौर्या, मो0 समीर कुरैशी सहित तमाम सपाई मौजूद रहे। 


No comments:

Post a Comment