पीड़िता की शादी में गेस्ट हाउस खर्च उठाएंगे चैधरी राजेश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, April 29, 2026

पीड़िता की शादी में गेस्ट हाउस खर्च उठाएंगे चैधरी राजेश

कन्यादान करने का भी किया ऐलान

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । खागा क्षेत्र में हुए चर्चित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर जिले की सियासत लगातार गरमाई हुई है। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पीड़िता के घर पहुंचकर न्याय दिलाने तथा आर्थिक मदद का भरोसा दे रहे हैं। इसी क्रम में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष चैधरी राजेश यादव ने पीड़ित परिवार के प्रति बड़ा सहयोगात्मक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की शादी में गेस्ट हाउस से संबंधित आने वाला पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगे, साथ ही कन्यादान भी करेंगे। पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष चैधरी राजेश यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने पीड़िता के पिता को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक

महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष चैधरी राजेश यादव।

सहायता भी प्रदान की। कहा कि बेटी की शादी जब भी तय होगी, जिस गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा उसका संपूर्ण खर्च उनकी ओर से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटी को किसी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी। समाज का दायित्व है कि ऐसी पीड़ित बेटी को सम्मानपूर्वक जीवन की नई शुरुआत कराई जाए। इसी भावना के तहत वह न सिर्फ आर्थिक सहयोग करेंगे, बल्कि कन्यादान कर पिता का दायित्व निभाने का भी प्रयास करेंगे। चैधरी राजेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ पीड़िता के घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली गई है। परिवार बेहद आहत है और उसे न्याय के साथ-साथ सामाजिक संबल की भी जरूरत है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे बढ़कर मदद करनी चाहिए। उधर चैधरी राजेश यादव के इस ऐलान के बाद पीड़ित परिवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जिले में इस मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज हैं और पीड़िता के समर्थन में विभिन्न संगठनों का पहुंचना जारी है। प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages