शहनाई, निकाह व सात फेरे, सामूहिक विवाह में छलके खुशी के आंसू - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, April 27, 2026

शहनाई, निकाह व सात फेरे, सामूहिक विवाह में छलके खुशी के आंसू

एक मंडप में गूंजी 184 शहनाइयां, श्रमिक बेटियों के हाथ पीले कर सरकार ने बांटी खुशियां

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । रानी चन्द्रप्रभा महाविद्यालय का प्रांगण सोमवार को उस समय खुशियों के रंग में सराबोर हो उठा, जब एक ही मंडप के नीचे करीब 184 बेटियों के हाथ पीले हुए और शहनाइयों की गूंज के बीच श्रमिक परिवारों की आंखें खुशी से छलक उठीं। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्या विवाह सहायता योजना के तहत आयोजित इस भव्य सामूहिक विवाह समारोह में प्रयागराज मंडल के चार जिलों फतेहपुर, प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ से आए पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया।

सामूहिक विवाह में शामिल नवदंपतियों पर फूलों की बारिश करते जनप्रतिनिधि।

समारोह में हिंदू समाज की बेटियां वैदिक मंत्रोच्चार और सात फेरों के साथ विदा हुईं तो मुस्लिम समुदाय की बेटियों का निकाह काजी की मौजूदगी में संपन्न कराया गया। पूरे परिसर में कहीं मंगलगीत गूंज रहे थे तो कहीं दुआओं के साथ निकाह पढ़ाया जा रहा था। एक साथ सजे दूल्हे-दुल्हन, रंग-बिरंगे मंडप और परिजनों के चेहरों पर तैरती संतुष्टि ने माहौल को भावुक बना दिया। सरकार की इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी पंजीकृत श्रमिक के बैंक खाते में 85 हजार रुपये की सहायता धनराशि भेजी जाएगी, जिससे गरीब एवं मेहनतकश परिवारों को अपनी बेटियों के विवाह में आर्थिक संबल मिल सके। श्रमिक परिवारों ने कहा कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी सरकार ने अपने कंधों पर लेकर उन्हें राहत दी है। समारोह में जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी मौजूदगी रही। जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक कृष्णा पासवान, विधायक जय कुमार सिंह जैकी और विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल सहित अन्य अतिथियों ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया और कहा कि सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार संवेदनशील योजनाएं चला रही है। उप श्रमायुक्त प्रयागराज क्षेत्र सुमित कुमार एवं सहायक श्रमायुक्त लालाराम ने सभी नवदम्पत्तियों और उनके परिजनों का स्वागत करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार जताया। प्रशासन की ओर से समारोह को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंच, पंडाल, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और परिवहन की समुचित व्यवस्था के चलते पूरा आयोजन व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। समापन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देते हुए उनकी खुशहाल जिंदगी की कामना की।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages