बांदा, के एस दुबे । शहर के महाराणा प्रताप चौक पर सोमवार को परिवहन विभाग ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर श्मोडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभाग ने चेकिंग अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया। अक्सर सड़कों पर बुलेट के साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकाल कर दहशत और शोर मचाने वालों के खिलाफ विभाग इस बार बेहद कड़ा नजर आया। चेकिंग के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर लगी 2 बुलेट मोटरसाइकिलों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 07 अन्य वाहनों का भी चालान किया
गया। अभियान केवल साइलेंसर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कान फोड़ देने वाले प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले 05 वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) उदय वीर सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।वहीं, ए.आर.टी.ओ. (परिवहन) श्यामलाल ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वाहनों में अनधिकृत बदलाव न कराएं।प्रतिबंधित उपकरणों और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कतई न करें।सुरक्षित और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

No comments:
Post a Comment