Pages

Friday, May 8, 2026

प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

बहादुरपुर गांव स्थित घर में मिला महिला का शव

प्रेम प्रसंग व विवाद बना हत्या की वजह

फतेहपुर, मो शमशाद । गाजीपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक द्वारा महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी युवक खुद ललौली थाना पहुंच गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बहादुरपुर गांव स्थित आरोपी के घर से महिला का शव बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार थाना ललौली पहुंचे युवक विजय कुमार रैदास ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी है। उसने बताया कि महिला का शव उसके बहादुरपुर गांव स्थित घर में रखा हुआ है, जो थाना गाजीपुर क्षेत्र में पड़ता है। सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस ने गाजीपुर पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद गाजीपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां घर के अंदर महिला का शव


बरामद हुआ। मृतका की पहचान राखी उर्फ लालती देवी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि महिला पूर्व में विवाहित थी और काफी समय से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसका प्रेम संबंध विजय कुमार रैदास के साथ चल रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि महिला के किसी अन्य व्यक्ति से भी संबंध होने की आशंका को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। साथ ही महिला द्वारा उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत कर जेल भेजने की धमकी भी दी जाती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर उसने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज

दिया है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक फिलहाल थाना गाजीपुर पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि युवक विजय कुमार रैदास स्वयं थाना ललौली पहुंचा था और उसने महिला की हत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना पर तत्काल थाना गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment