डिजिटल व्यवस्था पर उठाए सवाल
फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद में रसोई गैस की सुस्त आपूर्ति, बुकिंग के कई दिनों बाद भी डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) न मिलने तथा गैस एजेंसियों की कथित मनमानी के विरोध में सोमवार को उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने मोर्चा खोल दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी के नेतृत्व में व्यापारियों व उपभोक्ताओं ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री, भारत सरकार को संबोधित मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने कहा कि जिले में गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उपभोक्ताओं को गैस बुक कराने के बाद 20 से 25 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बावजूद मोबाइल पर डीएसी कोड नहीं पहुंच रहा, जबकि वितरक बिना कोड के सिलेंडर देने से इन्कार कर रहे हैं। इससे
![]() |
| कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के लिए खड़े व्यापारी। |
आम लोगों के घरों में चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग उठाई कि गैस बुकिंग के 48 घंटे के भीतर डीएसी कोड भेजा जाए और उसके 24 घंटे के अंदर उपभोक्ता के घर तक सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। व्यापार मंडल ने यह भी आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में होम डिलीवरी के नाम पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त वसूली की जा रही है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। संगठन ने संयुक्त परिवारों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों का कहना था कि एक घर-एक कनेक्शन नीति के चलते ऐसे परिवार परेशान हो रहे हैं, जहां अलग-अलग रसोई संचालित होती हैं। इसके अलावा शादी-विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों के दौरान तत्काल गैस उपलब्ध न होने से लोगों को ब्लैक में सिलेंडर खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने प्रत्येक गैस एजेंसी में विशेष आयोजन सेल गठित करने की मांग की। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि तकनीकी खराबी अथवा नेटवर्क समस्या होने पर आधार या बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से वैकल्पिक वितरण व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही आबादी के बीच संचालित गैस गोदामों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा गैस वितरण की निगरानी के लिए गठित जिला स्तरीय समिति में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग की गई। ज्ञापन के दौरान जिलाध्यक्ष मनोज साहू, श्रवण दीक्षित, धनंजय मिश्रा, प्रेमदत्त उमराव, जय किशन, अनिल महाजन, सौरभ गुप्ता, इसराइल अहमद, सलामत अली समेत बड़ी संख्या में व्यापारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment