जिलाधिकारी की अध्यक्षता सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
बांदा, के एस दुबे । जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने और जीरो फेटालिटी (शून्य मृत्युदर) के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर सुरक्षा और प्रवर्तन की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिन्हित क्रिटिकल कॉरिडोर का सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ संयुक्त निरीक्षण करें। शहर के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सड़क किनारे खड़े होने वाले अनावश्यक वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। एक्सप्रेस-वे के नीचे अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों पर अंकुश लगाने हेतु
नो एंट्री बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। कालू कुआं चौराहे पर विशेष विजिट कर व्यवस्थाएं सुधारने की कार्रवाई अमल में लाने को कहा। विद्युत पोल और ढीले तारों का निस्तारण,महोखर क्षेत्र में विद्युत पोलों को 15 दिनों के भीतर हटाने का समय निर्धारित किया गया है। सेंट जेवियर्स स्कूल के पास लटकते बिजली के तारों और हरपर क्लब रोड के अनावश्यक पोलों को शीघ्र हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। आरटीओ को निर्देशित किया गया कि 18 मई 2026 तक जनपद के सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए। ओवरलोड वाहनों पर सतत निगरानी रखने और दुर्घटना की स्थिति में वाहन स्वामियों के लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई। बिना लाइसेंस के वाहन चलाने वाले छात्र-छात्राओं पर सख्ती बरतने और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। रोडवेज बस स्टैंड को शहर के बाहर स्थानांतरित करने के लिए भूमि का चिन्हांकन शीघ्र करने को कहा गया। जिला अस्पताल में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राहवीर योजना पर विशेष बल देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले श्नेक आदमियोंश् की सूची तैयार की जाए। ऐसे नागरिकों को सार्वजनिक रूप से पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक पलस बंसल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) सहित स्वास्थ्य, परिवहन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment