बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत बांदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बरामद कुल 76.297 किलोग्राम मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कर दिया। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 48 एनडीपीएस एक्ट के मुकदमों से संबंधित बरामद मादक पदार्थों को इंसीनरेटर मशीन (भस्मक भट्ठी) में
जलाकर नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 75.799 किलोग्राम सूखा गांजा तथा 498 ग्राम स्मैक, नशीला पाउडर एवं गोलियां शामिल थीं। पुलिस के अनुसार जिन मामलों से संबंधित माल नष्ट किया गया, उनमें कोतवाली नगर के 27, चिल्ला के 11, गिरवां के 4 तथा जसपुरा और नरैनी थानों के 3-3 मुकदमे शामिल हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि “ऑपरेशन दहन” का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा न्यायालयीय प्रक्रिया के बाद बरामद नशीले पदार्थों का सुरक्षित एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करना है। इस कार्रवाई को जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


No comments:
Post a Comment