बांदा, के एस दुबे । कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम चहितारा निवासी राहुल पुत्र विजय पाल ने पुलिस अधीक्षक बांदा को शिकायती पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ तथा रुपये छीनने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र के अनुसार, राहुल ने आरोप लगाया है कि 25 मई 2026 को अपने निजी कार्य से आरटीओ कार्यालय बांदा गया था। आरोप है कि जब वह करीब 45 मिनट बाद अपनी मोटरसाइकिल के पास लौटा तो गांव के ही मोहित प्रजापति और तिलकराम प्रजापति उसकी बाइक का बंपर पत्थर से तोड़ रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा
जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसकी जेब में रखे 700 रुपये भी छीन लिए गए। इसके अलावा राहुल ने आरोप लगाया कि 2 जून 2026 को शाम करीब 5 बजे वह वाहन चलाना सीख रहा था, तभी मोहित, तिलकराम तथा जयकरन सहित अन्य लोग वहां पहुंच गए और उसे वाहन से उतारकर मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया और दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment