बांदा, के एस दुबे । शहर के मुक्तिधाम रिंग रोड स्थित नए पुल पर मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है। बताया जा रहा है कि अराजक तत्वों द्वारा पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। लगातार बह रहे पानी से पुल पर जलभराव हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौर में जहां एक ओर लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर पानी यूं ही बर्बाद हो रहा है। पुल पर जमा पानी के कारण फिसलन बढ़ गई है और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
नागरिकों ने चिंता जताई है कि लंबे समय तक पानी बहने से पुल की साइड वॉल और संरचना को भी नुकसान पहुंच सकता है। वहीं आसपास के इलाकों में पानी का प्रेशर कम होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार, सुबह से पाइपलाइन फटी हुई है, लेकिन अभी तक जल निगम या नगर पालिका का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराकर पानी की बर्बादी रोकी जाए तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलापूर्ति प्रभावित होने के साथ-साथ पुल की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। फिलहाल मौके पर पानी लगातार बह रहा है और जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment