एमएसएमई दिवस पर डीएम ने बांटे ऋण स्वीकृति चेक व टूल किट - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 27, 2026

एमएसएमई दिवस पर डीएम ने बांटे ऋण स्वीकृति चेक व टूल किट

युवाओं से कहा- स्वरोजगार अपनाएं, आत्मनिर्भर बनें

फतेहपुर, मो शमशाद । अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में उद्यमिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के प्रतीकात्मक चेक एवं टूल किट वितरित की गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक अपनी क्षमता और कौशल के अनुरूप उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजन में भागीदारी निभाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एमएसएमई के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और फतेहपुर जैसे आकांक्षी जनपद इस विकास यात्रा के मजबूत साझेदार बन रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी की तलाश

लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक व टूट किट वितरित करतीं डीएम।

तक सीमित न रहें, बल्कि सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं उद्यमी बनें और दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार उद्यमियों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग उपलब्ध करा रही है, जबकि प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ इन योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ उद्यमी गोविंद बाबू टाटा एवं प्रदीप गर्ग ने अपने अनुभव साझा करते हुए नए उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर कोई भी व्यक्ति सफल उद्यमी बन सकता है। उपायुक्त उद्योग ने विभाग की विभिन्न योजनाओं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, वित्त पोषण सहायता योजना, ओडीओपी टूल किट योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, अन्य पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रशिक्षण योजना तथा एक जनपद एक व्यंजन योजनाकृकी जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जिले में लगातार नए उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक ऋण स्वीकृति चेक तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उपायुक्त उद्योग, जनपद के उद्यमी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages