बांदा /अतर्रा, के एस दुबे । पैसे के मामूली विवाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला अतर्रा कस्बे से सामने आया है। यहां एक कलयुगी छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बांदा पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत, थाना अतर्रा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी भाई को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अतर्रा कस्बे के रहने वाले आरोपी आशीष पुत्र राजकुमार का 5 जून की देर रात्रि अपने बड़े भाई विकाश से पैसों को लेकर कुछ मामूली विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आगबबूला
होकर आशीष ने पास ही पड़ी एक ईंट उठाकर विकाश के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण विकाश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सगे बेटों के बीच हुए इस खूनी खेल से परिवार में कोहराम मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक व आरोपी की माँ सुनीता देवी ने थाना अतर्रा में शिकायत दर्ज कराई। माँ की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर हत्यारे भाई की तलाश शुरू कर दी थी। थाना अतर्रा पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सटीक रणनीति के तहत कल दिनांक 6 जून को आरोपी आशीष को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी 01 ईंट भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार अभियुक्तरू आशीष पुत्र राजकुमार निवासी राजनगर, प्रहलाद सिंह का पुरवा, कस्बा व थाना अतर्रा, जनपद बांदा। इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने में अतर्रा थानाध्यक्ष श्री संजीव कुमार चैबे, कांस्टेबल रविन्द्र श्रीवास और कांस्टेबल अजय प्रजापति की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।


No comments:
Post a Comment