खेत पर गए बुजुर्ग के लापता होने से मचा हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 15, 2026

खेत पर गए बुजुर्ग के लापता होने से मचा हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

नामजद लोगों पर अपहरण का आरोप, रिपोर्ट दर्ज न होने से परिवार में आक्रोश

बांदा, के एस दुबे । जनपद के मटौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोयरा मुगली में एक बुजुर्ग किसान के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर अपहरण कर हत्या करने की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से परिवार में दहशत और गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गोयरा मुगली निवासी आमिर पुत्र फीमा उर्फ फर्दन ने अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि उनके दादा फारुख पुत्र मजहर खान 12 जून 2026 की शाम करीब 4:30 बजे ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास


किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की तथा पुलिस को भी सूचना दी। परिजनों का कहना है कि कई दिनों तक लगातार खोजबीन करने के बावजूद फारुख का कोई सुराग नहीं लग सका है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि लगभग एक सप्ताह पूर्व गांव के कुछ लोगों ने उनके दादा को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी आधार पर परिवार को आशंका है कि उन लोगों ने मिलकर फारुख का अपहरण कर लिया और उनकी हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया है। शिकायती पत्र में कुछ नामजद व्यक्तियों सहित अन्य अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिन लोगों पर संदेह व्यक्त किया गया है, उनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न न्यायालयों में मुकदमे विचाराधीन हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

परिवार का आरोप है कि 13 जून को थाना मटौंध में तहरीर देने के बाद भी अभी तक संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। इससे परिजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जाए तथा लापता बुजुर्ग की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की जाए। घटना के बाद गांव में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति का कई दिनों तक कोई पता नहीं चलता और पूर्व में धमकी दिए जाने की बात भी सामने आती है, तो मामले की गहन जांच होना आवश्यक है। वहीं समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।





No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages